कस्बे में अब उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की सभी बसों का स्टॉपेज होगा। निगम के मुख्य प्रबंधक कर्मेंद्र सिंह ने प्रभारी राज्य मंत्री परिवहन को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है।
पत्र की प्रति क्षेत्रीय सांसद धर्मेंद्र कश्यप और शाहजहांपुर कटरा के विधायक वीर विक्रम सिंह को भी भेजी गई है। पत्र में बताया गया है कि बरेली के क्षेत्रीय प्रबंधक से मिली आख्या में कहा गया था कि फतेहगंज पूर्वी का बरेली परिक्षेत्र की बसों में पहले से ही फेयर स्टॉपेज है। नए आदेशों में फतेहगंज पूर्वी से गुजरने वाली प्रदेश के सभी डिपो की बसों का फेयर स्टॉपेज कर दिया गया है। प्रदेश के सभी परिवहन निगम के डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधकों को भी इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं। साथ ही टिकट जारी करने वाली ईटीएम में फतेहगंज पूर्वी का किराया फीड करने के निर्देश भी दिए गए हैं। डा. यशपाल सिंह, वैभव पांडे, पंकज अग्रवाल, संजीव शर्मा, डा. आसार बेग, नईम अख्तर, डा. प्रमोद चक्रवर्ती, देवेंद्र अग्रवाल, राजीव अग्रवाल और धर्मवीर सिंह आदि ने इस कदम की सराहना की है।