भाजपा नेता रामगोपाल मिश्रा को नगर निगम ने अब दूसरा झटका देने की तैयारी कर ली है। हार्टमन रामलीला ग्राउंड पर कब्जा लेने के बाद नगर निगम ने उनके द्वारा दीवार लगाकर बंद की गई गली खुलवाने का आदेश दिया है। मेयर उमेश गौतम का आदेश मिलने के बाद बुधवार को यह दीवार ध्वस्त की जाएगी।
अवैध कब्जे को लेकर हार्टमन रामलीला ग्राउंड काफी दिनों से सुर्खियों में है। भाजपा नेता रामगोपाल मिश्रा पिछले दिनों यहां अवैध रूप से बाजार लगवाने की तैयारी कर रहे थे, मगर निगम ने कार्रवाई कर इसे रुकवा दिया। इसके बाद जमीन के स्वामित्व को लेकर भाजपा नेता और नगर आयुक्त आमने-सामने आ गए। मगर भाजपा नेता को इसमें मुंह की खानी पड़ी। नगर आयुक्त की पैरवी के बाद राजस्व रिकॉर्ड में नगर निगम का नाम दर्ज हो गया है। अब रामलीला ग्राउंड की जमीन पर बनी गली को रामगोपाल मिश्रा द्वारा बंद करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पार्षद पूनम गंगवार ने क्षेत्रीय लोगों के साथ मेयर को पत्र लिखकर गली खुलवाने के लिए कहा है। मेयर ने बुधवार को दीवार ध्वस्त करने का आदेश दिया है।
बोर्ड से पास हुआ था गली का प्रस्ताव
पार्षद गौरव सक्सेना ने बताया कि लोगों की सहूलियत के लिए पिछले बोर्ड ने रामलीला ग्राउंड की जमीन पर गली बनाने का प्रस्ताव पास किया था। मगर नगर निगम में सरकार बदली तो रामगोपाल मिश्रा ने दीवार खड़ी कर गली को बंद कर दिया। इसकी उन्होंने भी नगर निगम में शिकायत की थी।