भोजीपुरा। मियांपुर निवासी योगेश चंद्र कटियार के पास नकली आभूषण गिरवी रखकर ठगों ने उनसे 12.48 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
योगेश चंद्र कटियार की कस्बा धौंराटांडा में लक्ष्मी ज्वैलर्स नाम से की दुकान है। योगेश ने बताया कि फत्तेहपुर दुर्गा प्रसाद निवासी आरिफ और शोएब अक्सर दुकान पर जेवरात गिरवी रखने आते थे। दोनों आरोपियों के साथ इस्माईल और नासिर ने 26 अगस्त से 15 अक्तूबर के बीच अलग-अलग तिथियों में आभूषण गिरवी रखकर 12.48 लाख रुपये लिए। कुछ दिन पहले जब उन्होंने दूसरे सराफ के यहां इन आभूषणों की जांच कराई तो पता चला कि यह नकली हैं।
उन्होंने कॉल करके आरिफ को बुलाया। उसे आभूषण नकली होने की बात बताई। इस दौरान वह झांसा देकर फरार हो गया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। चौकी इंचार्ज धौंराटांडा मुनेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी शोएब को गिरफ्तार किया गया है।फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।