बरेली। महीने में तीसरी बार रेलवे मेगा ब्लॉक लेकर पटरियों, स्लीपर और ओएचई लाइन की मरम्मत करेगा। रविवार को रोजा से लक्सर और सोमवार को हापुड़ से आलमनगर स्टेशन तक सात-सात घंटे का ब्लॉक रहेगा। इस दौरान ट्रेनें रुक-रुक कर गुजारी जाएंगी।
इंजीनियरिंग अनुभाग के मुताबिक, अप लाइन पर रोजा से बरेली जंक्शन दोपहर 11.15 से 4.15, जंक्शन से मुरादाबाद 11.30 से 4.30 और मुरादाबाद से लक्सर तक 1.15 से शाम 6.15 बजे तक ब्लॉक रहेगा। वाराणसी से बरेली आने वाली एक्सप्रेस जंक्शन और रोजा और सीतापुर शाहजहांपुर पैसेंजर रोजा और शाहजहांपुर के बीच रद्द रहेगी, जबकि दरभंगा से अमृतसर जननायक एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से जंक्शन पहुंचेगी। सोमवार को हापुड़ से मुरादाबाद सुबह 9.40 से दोपहर 1.40 बजे, मुरादाबाद से बरेली 12.10 से 4.10 बजे, बरेली से शाहजहांपुर दोपहर 1.10 से 5.10 और शाहजहांपुर से आलमनगर 2.30 से शाम 6.30 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान नई दिल्ली वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 1.20 मिनट, बरेली वाराणसी डेढ़ घंटे, अकाल तख्त एक्सप्रेस 1.30 घंटे देरी से जंक्शन पहुंचेगी। सोमवार को भी सीतापुर शाहजहांपुर पैसेंजर रोजा और शाहजहांपुर के बीच रद्द रहेगी।