फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईवीएम ने नखरे दिखाए तो वोटर गुस्साए

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। जिले भर में मतदान के दौरान ईवीएम खराबी के तमाम मामले सामने आए। यहां लाइन में लगे वोटरों ने हंगामा काटा। भोजीपुरा के कुंआडांडा केंद्र पर तो ईवीएम में खराबी की वजह से शाम साढ़े सात बजे तक वोट पड़े।
विज्ञापन

भोजीपुरा के भारत इंटर कॉलेज बूथ संख्या 1295 में सुबह सात बजे ईवीएम खराब होने की वजह से मतदान शुरू नहीं हो सका। इस बीच बूथ पर लंबी कतारें लग गई थीं। वोटरों ने हंगामा किया तो सेक्टर मजिस्ट्रेट को जानकारी दी गई। एक घंटे बाद तकनीकी टीम ने आकर खामी दुरुस्त की। आठ बजे मतदान शुरू हो सका। भोजीपुरा क्षेत्र में ही प्राइमरी स्कूल कमुआ के 272 नंबर बूथ पर ईवीएम खराब रहने से पौन घंटे मतदान रुका। यहीं के गांव कुआडांडा धिमनी में बूथ संख्या 286 की ईवीएम शाम साढ़े चार बजे अचानक खराब हो गई। मतदान प्रक्रिया करीब दो घंटे बाधित रही। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने दूसरी मशीन की व्यवस्था साढे़ छह बजे की, तब मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। एक घंटे में सभी मत पड़े। कुछ मतदाताओं को बाहर जाना था, वे बिना वोट डाले ही चले गए।
ईवीएम के साथ ही सत्यापन को लगाए जाने वाले वीवीपैट सिस्टम में भी समस्याएं आईं। गर्मी के कारण यह सिस्टम कई बार हैंग हुआ, हालांकि कुछ लोगों ने इसे हिलाडुलाकर सही कर लिया, तो कई जगह तकनीकी टीम की भी मदद लेनी पड़ी।
विज्ञापन

दुनका इंटर कॉलेज में ऐसी ही सूचना पर प्रेक्षक मौके पर पहुंचे। यहां सीओ मीरगंज आलोक अग्रहरि ने उन्हें इस बारे में जानकारी दी। बताया कि गर्मी की वजह से सामान्य समस्या आ रही है, जिसे सही कर लिया जा रहा है।

ईवीएम की खराबी से भगवंतापुर में तीन घंटे प्रभावित रहा मतदान
बरेली। सुबह सामान्य तरीके से शुरू हुए मतदान के दौरान कई जगह ईवीएम खराब होने की सूचनाएं आईं। हाफिजगंज क्षेत्र के गांव खाई खेड़ा की बूथ संख्या 86 में मशीन खराब होने के कारण मतदान करीब एक घंटा रुका रहा। बाद में अधिकारियों ने ईवीएम को बदलकर मतदान शुरू कराया। इसी गांव की बूथ संख्या 85 में भी सवा घंटे मतदान ईवीएम खराब होने के कारण रुका रहा था। इस दौरान मौसम ने वोटर्स का कड़ा इम्तिहान लिया। छोटी-छोटी समस्याओं को छोड़ दें तो कोई खास बदइंतजामी सामने नहीं आई। वोटर लिस्ट में नाम न होने की वजह से कई जगह लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर सके।
वहीं आंवला में प्राथमिक विद्यालय भगवंतापुर में सुबह से ही ईवीएम खराब हो गई। इसकी वजह से यहां तीन घंटे मतदान प्रभावित रहा। कई मतदाता तो लौट गए और वोट नहीं किया। इसके अलावा भगवंतापुर, ढकनी और राजपुरी समेत कई बूथों पर पर लोग वोट नहीं डाल पाए। वहीं नवाबगंज और खुर्रम नौटिया में भी ईवीएम खराब रहीं। काफी देर से मतदान शुरू हुआ। ऐसी समस्याएं अन्य कई बूथों पर भी आईं। इन मतदाताओं के पास वोटर कार्ड तो थे लेकिन मतदाता सूची में नाम न होने की वजह से ये अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर सके। ढकनी बूथ पर इसको लेकर मतदाताओं ने काफी नाराजगी भी जताई। आंवला सीट पर मतदान में गेहूं कटाई का असर साफ दिखा। गेहूं कटाई के कारण कई बूथों पर तो सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर एक बजे कुछ भीड़ हुई, लेकिन बाद में सन्नाटा हो गया। खजुरिया संपत में पीठासीन अधिकारी विनय की अचानक तबीयत खराब हो गई। उनका उपचार कराया गया। मॉडल टाउन में तो दो घंटे मतदान प्रभावित रहा। कई जगहों से वीवीपैट से पर्ची न निकलने की भी शिकायतें रही।
वहीं गढैया के 233 पोलिंग बूथ पर सुबह ही एक मशीन खराब हो गई। इसके स्थान पर दूसरी मशीन लगाई गई वह भी नहीं चली। इसके बाद आपरेटर को बुलाना पड़ा। इसके मशीन ठीक करने के बाद ही कहीं मतदान शुरू हो सका। बताते हैं कि इस पूरी व्यवस्था में लगभग पौनेे दो घंटे लग गए। इसी तरह मलूकपुर के धर्मशाला में भी मशीन की खराबी का मामला सामने आया। यहां भी लगभग पौने घंटा वोटिंग रुकी रही। इधर पुराना शहर में चक महमूद के गोपाल राम स्कूल के एक बूथ पर मशीन खराब होने बात बताई गई। जहां लगभग दो घंटे तक मशीन खराब रही। इस कारण काफी वोटर्स वापस भी हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें