बरेली। निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मचारी मतदान करने में दिलचस्पी नहीं ले रहे। मंगलवार को डीएवी इंटर कॉलेज में उन कर्मचारियों के लिए वोटिंग शुरू कराई गई जिनकी ड्यूटी इलेक्शन में लगी है, लेकिन पहले दिन 3750 कर्मचारियों में केवल 201 ने ही मतदान किया। इसके अलावा 341 कर्मचारियों को इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट जारी हुए। यानी ये कर्मचारी उन बूथ पर अपना वोट डाल सकेंगे जहां पर इनकी इलेक्शन में ड्यूटी लगी होगी।
लोकसभा चुनाव में करीब 16000 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मंगलवार से इनका चार दिवसीय अंतिम चुनाव प्रशिक्षण शुरू हो गया है। साथ ही डीएवी इंटर कॉलेज में इन सभी कर्मचारियों के लिए पोस्टल बैलट से वोटिंग भी प्रारंभ हो गई है। व्यवस्था यह बनी है कि हर दिन प्रशिक्षण में जितने कर्मचारी शामिल होंगे, उन्हें उसी दिन डीएवी कॉलेज में पहुंचकर मतदान भी करना होगा। इस व्यवस्था के तहत मंगलवार को पहले दिन केवल 201 कर्मचारियों ने पोस्टल बैलेट से अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। इसके अलावा 341 कर्मचारियों को इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट भी दिए गए हैं। ये प्रमाणपत्र उन कर्मचारियों को मिले हैं, जिनकी ड्यूटी उसी लोकसभा क्षेत्र के किसी पोलिंग बूथ पर लगी है, जो उसी क्षेत्र के निवासी भी हैं। इस प्रमाणपत्र को दिखाकर वह निर्वाचन ड्यूटी वाले बूथ पर ही अपना वोट डाल सकते हैं।
पोस्टल बैलट निर्वाचन प्रभारी व एसीएम फर्स्ट मदन कुमार ने बताया कि कर्मचारियों ने पहले दिन मतदान में कम संख्या में भाग लिया है। हालांकि अभी तीन दिन और हैं। वोट करने के लिए उन्हें जागरूक किया जाएगा।