बरेली। चुनाव में बिजली ने भी रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। ट्रिपिंग से आम लोग तो परेशान हैं ही, निर्वाचन कार्य पर भी असर पड़ रहा है। तहसील परिसर में बने वोटर रजिस्ट्रेशन सेंटर (बीआरसी) में हर दस मिनट में बिजली गुल हो रही है, जिससे कंप्यूटरों पर काम करना मुश्किल हो गया है। भीड़ अलग स्टाफ पर दबाव बनाए हुए है।
दिन भर नया और संशोधित वोटर कार्ड पाने के लिए तहसील और निर्वाचन कार्यालय लोगों की भीड़ लगी हुई है। बिजली अस्तव्यस्त रहने पर लोगों को दूसरे दिन बुलाया जाता है। तापमान बढ़ने से कक्ष में गर्मी और ऊपर से भीड़ का दबाव, इससे स्टाफ बुरी तरह परेशान है। दिक्कत यह भी है कि चुनाव के नाम पर लाखों बिना किसी हिसाब किताब के हर दिन खर्च हो रहे हैं, लेकिन बिजली के इंतजाम पर पर कोई ध्यान नहीं है। बताया जाता है कि तहसील परिसर में कई माह से एक केबल खराब है, जिससे बिजली प्रभावित हो रही है। एसडीएम सदर अमरेश कुमार ने बताया कि खराब केबल पर करीब 70-80 हजार रुपये खर्च होने हैं, इसे जल्द सही कराएंगे।
डुप्लीकेट वोटर कार्ड बनना शुरू, साफ्टवेयर खुला
बरेली। आखिर निर्वाचन विभाग ने जिला स्तर पर डुप्लीकेट वोटर कार्ड बनवाना शुरू कर दिया है। यह काम पिछले माह ही शुरू होना था, लेकिन ठेका लेने वाली फर्म ने ऐसा नहीं किया। चेन्नई स्थित इस फर्म की मनमानी से हजारों लोग परेशान हैं, क्योंकि उन्हें संशोधित और नए कार्ड छपकर नहीं मिल रहे हैं। इस परेशानी को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अब शुक्रवार से साफ्टवेयर खुल जाएगा, इसके साथ ही संशोधित और लंबित कार्डों की छपाई भी शुरू हो जाएगा।