बरेली। लोकसभा चुनाव निष्पक्षता से कराने के लिए अधिकारियों ने शासन से पैरामिलिट्री फोर्स की मांग की है। इससे पहले इनको ठहराने के लिए स्कूल-कॉलेज व धर्मशालाओं को चिह्नित कर लिया गया है। एडीजी ने बताया कि बरेली और मुरादाबाद रेंज के कुल 664 केंद्रों पर फोर्स को ठहराया जाएगा।
बरेली मंडल में शाहजहांपुर के सर्वाधिक 136 केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों को ठहराया जाएगा। साथ ही बरेली में 40, बदायूं में 77 और पीलीभीत में 61 केंद्रों पर फोर्स को रोकने की व्यवस्था होगी। मुरादाबाद मंडल में बिजनौर में सर्वाधिक केंद्र 112 चयनित किए गए हैं, जहां अर्धसैनिक बलों को ठहराने की व्यवस्था होगी। मुरादाबाद में 74, रामपुर में 59, अमरोहा में 54 व संभल में 51 केंद्रों पर फोर्स को ठहराया जाएगा। इन सभी केंद्रों के अक्षांतर व देशांतर की जानकारी संबंधित थाना प्रभारियों से तलब की गई है। यह डाटा सॉफ्टवेयर में फीड किया जाएगा। इसके आधार पर ही इन केंद्रों पर सेटेलाइट के माध्यम से नजर रखी जाएगी।
फोर्स को ठहराने के लिए केंद्रों को चिह्नित कर लिया गया है। सभी जगह कम से कम सीओ स्तर के अधिकारियों को खुद केंद्रों पर जाकर भौतिक सत्यापन और ठहराव की उपयुक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। अर्धसैनिक बलों को किसी तरह की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
- अविनाश चंद्र, एडीजी बरेली जोन
एसएसपी ने केंद्रों पर देखी व्यवस्था
बरेली। फोर्स को ठहराने के लिए बनाए गए केंद्रों पर व्यवस्था देखने के लिए एसएसपी मुनिराज ने निरीक्षण किया। एसएसपी ने शहर में कोतवाली, किला व प्रेमनगर क्षेत्र के कई विद्यालयों का जायजा लिया, जहां फोर्स को ठहराया जाना है। जाहिर है कि दो कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स 15 मार्च को ही जिले में आ रहा है। इसके बाद और भी फोर्स आनी है। एसएसपी ने जवानों के रुकने के कक्षों, रसोई, शौचालय आदि की स्थिति देखी और जरूरत के मुताबिक सुधार के निर्देश दिए।