बरेली। पेन डाउन स्ट्राइक कर रहे आईवीआरआई एवं सीएआरआई के कर्मचारियों के विरोध की वजह से दूसरे दिन इंटर जोनल खेलकूद प्रतियोगिता स्पोर्ट्स स्टेडियम में करानी पड़ी। सोमवार को कर्मचारियों ने खेल ग्राउंड में घुसकर हंगामा और नारेबाजी करते हुए प्रतियोगिता को होने नहीं दिया था।
आईवीआरआई में कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर रहते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच संस्थान में सोमवार से इंटर जोनल खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू होनी थी। इसमें देशभर से करीब चार सौ खिलाड़ी शामिल होने के लिए आए थे, लेकिन उद्घाटन के दौरान प्रदर्शनकारी कर्मचारी खेल मैदान में घुस आए और हंगामा करते हुए खेल प्रतियोगिताओं को होने से रोक दिया। इस वजह से पहले दिन खेल नहीं हो सके। आईवीआरआई के अधिकारियों को दूसरे दिन इन प्रतियोगिताओं को संस्थान की बजाय स्पोर्ट्स स्टेडियम में करानी पड़ी। इधर, आईवीआरआई में कर्मचारियों ने मंगलवार को भी धरना-प्रदर्शन जारी रखा। धरना स्थल पर पहुंचे संस्थान के निदेशक डॉ. राजकुमार सिंह ने कर्मचारियों से बात की। उन्होंने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन महापात्रा ने 25 फरवरी को उनके साथ एक मीटिंग में मौजूद थे, जहां पर उन्होंने कर्मचारियों की मांगों के बारे में बताया। महानिदेशक ने कर्मचारियों की मांगों को जल्द पूरा कराए जाने को लेकर आश्वस्त किया है। इस मौके पर संस्थान करुणेश शुक्ला, मनोज पाठक, सत्यवीर सिंह चौहान, कैलाश चौहान, एसपी सिंह, शैलेश सागर सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।