बरेली/मीरगंज। नगरिया सादात रेलवे फाटक पर बैरियर बंद होने के बावजूद बाइक निकाल रहा युवक हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचा। हालांकि तेज रफ्तार ट्रेन की टक्कर से उसकी बाइक के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर रामपुर थाने की आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची। युवक के खिलाफ रामपुर आरपीएफ थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। तेज स्पीड से गुजर रही ट्रेन ड्राइवर की सूझबूझ से पलटने से बच गई। अगर लोको पायलट ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाए होते तो ट्रेन पलट सकती थी।
मंगलवार रात लगभग पौने 11 बजे दिल्ली-रक्सौल एक्सप्रेस को पास कराने के लिए नगरिया सादात रेलवे क्रासिंग का बैरियर बंद किया गया था। फाटक बंद होने के बाद भी नगरिया सादात में रिश्तेदारी में आए युवक ने जल्दबाजी में बाइक को झुकाकर निकालने की कोशिश की। रेलवे ट्रैक पार कर उस तरफ पहुंच पाता, इससे पहले ही मुरादाबाद की ओर से एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। युवक बाइक को ट्रैक पर ही छोड़कर भाग गया। तेज रफ्तार ट्रेन की टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए। गेट मैन ने ट्रैक से बाइक हटाकर नगरिया सादात स्टेशन मास्टर को सूचना दी। बुधवार को रामपुर आरपीएफ ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। बताया गया कि बाइक नगरिया सादात के एक व्यक्ति की है।