डबल मर्डर कांड के दो आरोपी दबोचे
माधोटांडा के धरमंगदपुर गांव निवासी भाजपा नेता शिवराम यादव और उनके दोस्त अतुल श्रीवास्तव की मंगलवार शाम पूरनपुर मंडी समिति रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। चाचा राजेंद्र ने प्रधानी की रंजिश में हत्या का आरोप गांव के प्रधान वसी उल्ला खां समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार को दो आरोपी चुन्नन और गुड्डू पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। इधर, पुलिस का दबाव बढ़ने पर आरोपियों के खुद ही सरेंडर करने की भी चर्चा है। पुलिस आरोपियों को लेकर सिर्फ गिरफ्तारी बता रही है। उनको मीडिया के सामने पेश नहीं किया है। गुपचुप तरीके से जेल भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। वहीं गांव में तनाव के हालात बने हुए हैं। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल शुक्रवार को भी गांव में तैनात रहा।