शाहजहांपुर। बघौली के पास शनिवार को हुए डिरेलमेंट के बाद अब तक ज्यादातर ट्रेनों का टाइम टेबल अब तक पटरी पर नहीं आ सका है। बुधवार को भी ज्यादातर ट्रेनें देरी से चल रहीं हैं। इस बीच गुरुवार के लिए अप जम्मूतवी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। इससे पहले बुधवार को राज्यरानी एक्सप्रेस को भी 15 फरवरी तक के लिए निरस्त किया जा चुका है। हालांकि, बुधवार को बघौली में डाउन लाइन का 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार का कॉशन खत्म कर दिया गया। अप लाइन पर फिलहाल ट्रेनों को कॉशन पर चलाया जा रहा है।
शनिवार को बघौली में डिरेलमेंट की वजह से एक दर्जन ट्रेनों को रद्द किया गया था। 30 से ज्यादा ट्रेनों का डायवर्ट करना पड़ा था। बुधवार को दिल्ली-लखनऊ रूट पर ट्रेनें रफ्तार पकड़ने लगीं, लेकिन टाइम टेबल अब भी बिगड़ा हुआ है। बुधवार को बेगमुपरा एक्सप्रेस सात घंटा, उपासना एक्सप्रेस साढ़े छह घंटा, अर्चना एक्सप्रेस नौ घंटा, डुप्लीकेट पंजाब मेल तीन घंटा, जलियावाला बाघ एक्सप्रेस तीन घंटा, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस चार घंटा, दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस तीन घंटा, इलाहाबाद-हरिद्वार एक्सप्रेस चार घंटा, गंगा-सतलुज एक्सप्रेस पांच घंटा देरी से रहीं। इस बीच देरी से चल रही अप-13151 जम्मूतवी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। यह रेलगाड़ी गुरुवार को नहीं चलेगी। रेल अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार शाम तक बघौली में अप लाइन से भी कॉशन खत्म कर दिया जाएगा।