जेईई मेंस : हाथ में घड़ी, गले में ताबीज भी पहनकर न जाएं
-परीक्षा कल, सात केंद्रों पर चार हजार से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
-सुबह सवा आठ बजे से शुरू हो जाएगी एंट्री
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
देश के शीर्ष इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए रविवार को ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई मेंस) सात केंद्रों पर होगा। चार हजार से ज्यादा छात्र जिले में इस परीक्षा शामिल होंगे। इस बार भी जेईई मेंस कड़ी निगरानी के बीच होगा। छात्र किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक गेजेट अपने साथ नहीं ले जा सकेंगे। यहां तक घड़ी भी पहनकर नहीं जा पाएंगे। इतना ही नहीं छात्रों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने साथ कोई भी ऐसी चीज लेकर न जाएं जो उनकी जरूरत की नहीं है। यहां तक हाथ में अंगूठी और गले में ताबीज भी पहनकर न जाएं।
जिले में वुडरो स्कूल, डीपीएस, सेक्रेड हार्ट, केवी जेएलए, केवी जेआरसी, केवी एनईआर, केवी आईवीआरआई को केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी। छात्रों को एडमिट कार्ड के साथ एक आईडी प्रूफ अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। बगैर आईडी प्रूफ परीक्षा केंद्रों पर एंट्री नहीं मिलेगी। केंद्रों पर सवा आठ बजे से ही एंट्री शुरू हो जाएगी। साढ़े नौ बजे के बाद एंट्री बंद कर दी जाएगी। सुबह की पाली साढ़े बारह बजे तक चलेगी। पहली पाली में इंजीनियरिंग की ब्रांच और शाम की पाली में आर्किटेक्चर के लिए परीक्षा होगी। यह परीक्षा अपराह्न दो से पांच बजे तक होगी। छात्रों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने साथ लिखने के लिए कोई सामग्री भी न लाएं। पेन उनको केंद्रों पर ही मिलेंगे। दूसरी पाली के लिए उनको ज्योमेट्री बॉक्स अपने साथ लाना होगा। बता दें कि र्जेईई मेंस में सफल छात्रों को ही जेईई एडवांस में शामिल होने का मौका मिलता है। एडवांस की मेरिट से छात्रों को आईआईटी में प्रवेश पाने का मौका मिलेगा।