नगर निगम की बीमारियों को अमर उजाला ने रेखांकित किया था। लगता है नगर आयुक्त इन बीमारियाें को समझ कर दूर करने में लग गए हैं। शुक्रवार को ऐसे नजारे दिखे जिससे लगा कि अब नागरिकों की समस्या संजीदगी से देखी जाएगी। अधिकारियों को हिदायत दी गई कि वे हर समस्या को सुने और उसका तुरंत निस्तारण कर शिकायत करने वाले को सूचित करें। लोगों को अगर रिस्पांस मिलेगा तो अच्छा लगेगा। पेश है कुछ ऐसे ही नजारों की तस्वीर-
लंबे समय से परेशान बुजुर्ग को दिया सम्मान
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना के बहनोई ध्रुव मेहरोत्रा पिछले काफी समय से नगर निगम दौड़ कर थक गए। उनके मकान का1990 में बंटवारा हुआ, लेकिन उसके बाद भी कर एक साथ ही लग कर आ रहा था। खूब शिकायतें हुई लेकिन कोई सुनवाई नहीं। शुक्रवार को बुजुर्ग ध्रुव मेहरोत्रा सराफा व्यापारियों के साथ नगर आयुक्त से शिकायत करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरके सोनकर से उन्होंने बिल ठीक करवाने को कहा तो उन्होंने ऊपर बुलवाया। जब उनसे हृदय समस्या होने की बात कही और उपर आने में असमर्थता जताई तो नहीं माने। नजीजतन कई चक्कर लगा कर भी उनका बिल ठीक नहीं हुआ। नगर आयुक्त आरके श्रीवास्तव ने आरके सोनकर को बुलवाया और तब तक ध्रुव मेहरोत्रा के साथ बैठाया जब तक उनका बिल ठीक नहीं हो गया।
फर्जीवाड़ा नहीं, अब ई टेंडर ही होगा
एक शिकायत राहुल सैनी और सराफा व्यापारी नेता संदीप अग्रवाल मिंटू की आई। उन्होंने आरोप लगाया कि मोती पार्क पार्किंग स्टैंड का ठेका ऐसे ही दे दिया गया है जबकि वहां बैठने वाला कर्मी प्राइवेट है और मनचाही वसूली करता है। नगर आयुक्त ने उत्तम कुमार वर्मा से पूछा कि ई- टेंडर नहीं हुआ था क्या, इस पर उत्तम कुमार बोले कि मैनअुल ही ठेका दिया गया है। इस पर आरके श्रीवास्तव बोले कि आगरा में एक बालू का ठेका हर साल 7 लाख में होता था इसे ई टेंडर में डाला मुंबई से डेढ़ करोड़ में ठेका हुआ। कहा कि जब शासन ने ई टेंडर कर दिया है तो चाहे एक रुपये हो या एक लाख ई टेंडर ही होगा।
वाट्सएप की शिकायतों का तुरंत निस्तारण
पहली बार कोई नगर आयुक्त वाट्सएप पर शिकायताें को लेकर इतना गंभीर दिखा। गुरुवार को दस से अधिक वाट्सएप शिकायतों का निस्तारण नगर आयुक्त ने कराया। अधिकारियों को बैठक में एक- एक शिकायत दिखाकर नोट कराया और नंबर दिये। कहा कि हर शिकायत का तुरंत निस्तारण हो और शिकायतकर्ता को सूचित किया जाए। इस दौरान वंशीनगला की शिकायत आई। उसे तुरंत निपटाने को कहा। ट्यूलिप टावर के पास सीवर का पानी सड़क पर आने की शिकायत के लिए उन्होंने उत्तम वर्मा से पूछा। वर्मा ने बताया कि यहां निर्माण होगा तभी ठीक होगा। नगर आयुक्त ने कहा कि इतना पैसा खर्च करते हैं एक और निर्माण से समस्या खत्म हो रही है तो इसका प्रस्ताव आज तक क्यों नहीं लगाया।
कुछ और भी नजारे
- स्वच्छ भारत मिशन चला रहे हैं और पार्षद कक्ष के शौचालय का हाल बुरा है। नगर आयुक्त बोले कि कोई पैसा नहीं मिलेगा शौचालय ठीक करे ठेकेदार।
- सीवर में उतरने वाले कर्मियों को लाइफ सेवर जैकेट देने के बारे में पूछा तो कोई अधिकारी जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने इसके इंतजाम करने को कहे हैं।
- ईदगाह पर नमाज के दौरान सफाई पर बोले कि खास मौके पर ही सफाई क्यों होनी चाहिए, इस समय तो रोज सफाई होनी चाहिए।
- ईद के दिन ईदगाह पर नगर आयुक्त की ओर से खजूर भी रखे जाएंगे