12 more corona positive found in Lakhimpur Kheri, number of infected is 59
लखीमपुर खीरी। जिले में 12 और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इस प्रकार यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 59 हो गई है। इनमें दो बच्चों सहित सात लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इस प्रकार इस समय एक्टिव कोरोना पॉजिटिव मामले 52 हैं।
शनिवार को देर रात लखनऊ से आई 60 लोगों की रिपोर्ट में 12 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले, जबकि 48 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शहर क्षेत्र के हिदायत नगर निवासी दो कोरोना पॉजिटिव प्रवासी मजदूरों के चार परिवार वालों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसी प्रकार नौरंगाबाद निवासी प्रवासी श्रमिक और उसके पांच परिजन की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। यह सभी दस लोग डॉयट राजापुर में क्वारंटीन हैं। इसी प्रकार मुंबई से आए ढकेरवा नानकार निवासी एक प्रवासी श्रमिक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है जो जीजीआईसी निघासन में क्वारंटीन है, जबकि मुंबई से आया फूलबेहड़ निवासी प्रवासी श्रमिक भी कोरोना संक्रमित निकला है। यह फिलहाल होम क्वारंटीन है। इस प्रकार जिले में कोराना संक्रमितों की संख्या 59 हो गई है, जिसमें दो बच्चों समेत सात लोगों के ठीक हो जाने के कारण एक्टिव कोरोना संक्रमित मरीज 52 हैं। डीएम ने बताया कि शनिवार को आई रिपोर्ट में जो कोरोना संक्रमित मिले हैं उनमें 10 शहर के हैं।