बरेली। पंजाब नेशनल बैंक स्टाफ एसोसिएशन के मंडलीय महासम्मेलन में पदाधिकारियों ने इस पर चिंता जाहिर की कि सरकार किसी की भी आए, लेकिन बैंक कर्मियों के प्रति किसी भी सरकार की सहानुभूति नहीं होती।
शहर के एक लॉन में हुए कार्यक्रम में अतिथि एआईबीईए के उपाध्यक्ष एमएम राय ने कहा कि बैंक कर्मचारी केवल संघर्ष करते रहने से ही अपनी मांगों व सेवा शर्तों में सुधार ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगपति जानबूझकर बैंकों की रकम चुकता नहीं करते। इससे एनपीए खातों से काफी नुकसान हो रहा है। सरकार को ऐसे लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर उनसे वसूली की कार्रवाई करनी चाहिए। पीएनबी के मंडल प्रमुख पीके जैन ने कहा कि मंडल के बैंक कर्मचारियों की दिक्कत का समाधान होगा। इसलिए उनकी जो भी मदद होगी, वह की जाएगी। इस मौके पर मंडल के महामंत्री अरविंद रस्तोनी ने ओवरटाइम, स्टाफ की कमी सहित कई दूसरे मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों पर अत्यधिक काम होने से इसका उनके स्वास्थ्य पर खराब असर पड़ रहा है। सम्मेलन में दिनेश सक्सेना, संजीव मेहरोत्रा, दीपक आचार्य, पंकज शर्मा, प्रतिष्ठा सिंघल सहित कई लोगों ने संबोधित किया।