बरेली। वन विभाग से एनओसी न मिल पाने पर सेटेलाइट फ्लाईओवर के लिए पिलर नहीं बन पा रहे हैं। इसलिए ईसाइयों की पुलिया की तरफ अभी केवल फाउंडेशन बनाने का काम करके उसे छोड़ दिया गया है। शनिवार को चौराहे के दूसरी तरफ कैंट साइड में पाइलिंग मशीन को शिफ्ट करने के साथ बैरिकेडिंग भी लगनी शुरू हो र्गइं। सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक को लेकर कोई दिक्कत न हो, इसके लिए ईसाइयों की पुलिया की ओर लगी बोर्ड बैरिकेडिंग को भी फिलहाल हटा दिया जाएगा।
इस फ्लाईओवर का निर्माण भी आधी-अधूरी तैयारियों के साथ शुरू किया गया है। वन विभाग से एनओसी न मिल पाने के कारण सर्विस लेन नहीं बन पा रही है, इसलिए सेतु निगम ने इस पुल के लिए पिलर भी खड़े नहीं किए हैं। इस प्रोजेक्ट को लेकर दिक्कत यह है किसड़क पर पिलर बनाने के लिए काफी जगह की जरूरत होगी। सर्विस लेन बनाए बगैर ये काम शुरू करने से यातायात को लेकर दिक्कत पैदा हो जाएगी। इसलिए चर्च की तरफ से सेटेलाइट चौराहे तक अभी केवल छह फाउंडेशन ही बनाई गईं हैं। अब चौराहे पर भी कोई छेड़छाड़ नहीं करने की प्लानिंग है। इसलिए उसके आगे कैंट की तरफ भी अभी केवल फाउंडेशन ही बनाने की तैयारी शुरू की गई है। इसके लिए शनिवार को ईसाइयों की पुलिया की तरफ से चौराहे तक लगाई गई बोर्ड बैरिकेडिंग को हटाकर उसे कैंट की तरफ शिफ्ट करना शुरू कर दिया गया। पाइलिंग सहित दूसरी मशीनें भी उठाकर दूसरी ओर रख दी गईं हैं। सेतु निगम के अफसरों ने बताया कि ईसाइयों की पुलिया की तरफ से पिलर का काम न शुरू होने तक बैरिकेडिंग को हटा दिया जाएगा।
तीन माह से घिसट रहा चौपुला फ्लाईओवर का काम
शहर का सबसे ज्यादा व्यस्त रहने वाले चौपुला चौराहे पर फ्लाईओवर को तेजी से बनाने के लिए सेतु निगम की प्लानिंग फेल हो गई है। करीब तीन माह से ये काम केवल घिसट रहा है। यहां भी केवल फाउंडेशन बनाने का काम हो रहा है। पिलर बनाने का काम अब तक शुरू नहीं हो सका है। यहां कुछ दिन चलने के बाद काम बंद हो जाता है। शनिवार को भी इस फ्लाईओवर का काम बंद था। बताते हैं कि इंजीनियर के बीमार हो जाने से काम रोक दिया गया है। इसके बदले में रविवार को काम कराया जाएगा।
एनओसी न मिलने से सेटेलाइट और चौपुला चौराहा पर पिलर बनाने का काम शुरू नहीं हो पा रहा है। सेटेलाइट चौराहे पर कैंट की तरफ काम शुरू कराया जा रहा है। चर्च की ओर से फिलहाल बोर्ड बैरिकेडिंग को हटा दिया जाएगा।
-वीके सेन, डीपीएम, सेतु निगम