बरेली। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘फैनी’ ने गर्मी में तप रहे बरेली के लोगों को भी कम से कम एक दिन की राहत दे दी। शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के साथ करीब पांच मिली बारिश होने से तापमान नीचे आ गया। मौसम विज्ञानियों ने शनिवार को भी कुछ देर बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है, लेकिन इसके साथ चटक धूप भी रहेगी। दिन में धूल भरी तेज हवाएं चलेंगी। इसके बाद अगला सप्ताह आंधी और बारिश से मुक्त रहेगा।
बरेली में ‘फैनी’ का आंशिक असर रहा। शुक्रवार सुबह आंख खुलने से पहले अचानक आसमान में काली घटाएं छा गईं और तेज हवा चलने लगी। कुछ देर बारिश हुई, लेकिन थोड़ी ही देर में बादल छंट गए और सात बजे आसमान में फिर सूरज की चमक कायम हो गई। बारिश से अधिकतम तापमान जरूर 41.8 से लुढ़ककर 39.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक था। न्यूनतम तापमान बढ़कर 24.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य था। मौसम वैज्ञानिक डा.ॅ एचएस कुशवाहा ने बताया कि रात तीन बजे के बाद अचानक तेजी से बादल बने और कुछ देर बूंदाबांदी के बाद हल्की बारिश हुई। मगर अब आसमान साफ है। शनिवार को कुछ देर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पूरब दिशा से हवाएं चल सकती हैं, लेकिन बारिश होने की संभावना न के बराबर है।
डॉ. कुशवाहा के अनुसार ‘फैनी’ का असर उत्तर भारत में न के बराबर है। यहां जो हवाएं चल रही हैं या बूंदाबांदी हो रही है, वह स्थानीय वजहों से है। हालांकि लखनऊ आंचलिक विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डा.ॅ जेपी गुप्ता का कहना है कि ‘फैनी’ का यूपी में आंशिक असर है। इसी वजह से धूल भरी हवाएं चल रही हैं और हल्की बारिश हो रही है। अब पांच से नौ मई तक अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होगी। न्यूनतम तापमान भी बढ़ेगा। दिन में लू चलेगी।