बरेली। सोमवार को अपलाइन और डाउन लाइन पर अलग-अलग ब्लॉक लिए जाएंगे। जिससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा और यात्रियों को मुसीबत झेलनी पड़ सकती है। अपलाइन पर आलमनगर से लक्सर और गाजियाबाद तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। ब्लॉक सुबह 8.30 बजे से शाम 5.40 बजे तक प्रभावी रहेगा।
रेलवे आलमनगर से शाहजहांपुर तक सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर 1.30 तक, शाहजहांपुर से बरेली जंक्शन तक 10.45 से दोपहर 2.45 तक, बरेली से रामपुर तक सुबह 10.45 से 3.45 तक, रामपुर से मुरादाबाद तक 11.50 से 4.50 तक, मुरादाबाद से नजीबाबाद 12.30 से 4.30 तक, नजीबाबाद से लक्सर तक दोपहर 1.40 से शाम 5.40 तक, मुरादाबाद से गाजियाबाद 12.50 से 4.50 तक ब्लॉक रहेगा।
ब्लॉक के दौरान जननायक एक्सप्रेस दो घंटे, सियालदाह आधा घंटे देरी से जंक्शन पहुंचेंगी। मेगा ब्लॉक के दौरान लखनऊ की ओर जाने वाले ट्रेन की रफ्तार थमेगी। काशी विश्वनाथ, काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस और अमृतसर-कोलकाता सुपरफास्ट को दो घंटे तक देरी से चलाया जाएगा। जबकि कुंभ एक्सप्रेस, त्रिवेणी, बरेली-बनारस एक्सप्रेस, मुगलसराय और लखनऊ सहारनपुर पैसेंजर पहले से रद्द हैं। सीतापुर शाहजहांपुर पैसेंजर रोजा से सीतापुर तक चलेगी। दूसरी ओर डाउन लाइन पर गाजियाबाद से आलमनगर सेक्शन पर चार घंटे का ब्लॉक रहेगा।
पांच घंटे के मेगा ब्लॉक से सुस्त हुई ट्रेनों की चाल
बरेली/शाहजहांपुर। रेलवे ने अप लाइन पर रविवार को लगातार दूसरे दिन भी पांच घंटे का मेगा ब्लॉक लेकर ट्रैक, ओएचई लाइन मेंटिनेंस और स्लीपर बदलने का काम किया। ब्लॉक के दौरान मुरादाबाद, दिल्ली, टनकपुर, देहरादून की ओर जाने वाली आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं। गौर करने वाली बात यह है कि अप्रैल के 20 दिन में रविवार को 19 वीं बार मेगा ब्लॉक हुआ। सोमवार को डाउन लाइन पर मेगा ब्लॉक रहेगा। रविवार को गुवाहाटी एक्सप्रेस, कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं। दून एक्सप्रेस निर्धारित समय से छह घंटे देरी से पहुंची। शाहजहांपुर-सीतापुर-गोरखपुर पैसेंजर को रोजा से रद्द कर दिया गया। इससे यात्री परेशान रहे।
‘मेंटिनेंस और अपग्रेडिंग के काम तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। ज्यादातर काम पूरे हो चुके हैं। एक मई से करीब दो दर्जन ट्रेनों का संचालन बहाल होने की उम्मीद है। ऐसे में ट्रैक पर ट्रैफिक बढ़ जाएगा। फिलहाल ट्रेनों का ट्रैफिक कम है। ऐसे में ब्लॉक लिए जा रहे हैं। सोमवार को डाउन लाइन पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा।’
- प्रभाष राघव, डिवीजनल ऑपरेटिंग मैनेजर, मुरादाबाद रेल मंडल