बरेली। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने पीएम मोदी का नए भारत की सेना आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारती है। पाकिस्तान में ही नहीं म्यांमार में भी सेना ने आतंकियों का सफाया किया। कांग्रेस की सरकार में तो जब कश्मीर में हमले होते थे तो प्रधानमंत्री सफेद कबूतर उड़ाते थे और बोलते थे- आई लव यू पाकिस्तान। उन्होंने कहा कि यह पहला ऐसा चुनाव है जिसमें बिजली-पानी, सड़क जैसे स्थानीय मुद्दे गायब हैं। मोदी को रोकने के लिए सपा-बसपा और कांग्रेस एक हो गए हैं, लेकिन हिंदू-मुसलमान मिलकर इस बार फिर मोदी की सरकार बनाएंगे।
आंवला के सुभाष कॉलेज के मैदान पर भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप के समर्थन में चुनावी सभा में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह पांडवों की नगरी है। यहीं वह लिलौर झील है जिसमें यक्ष ने युधिष्ठिर से संवाद किया था। भाजपा पांडवों की सेना है क्योंकि वह सच के साथ है। विपक्ष कौरवों की सेना है जो झूठ-फरेब पर टिके हैं। जनता को कृष्ण की तरह पांडवों का साथ देकर कौरव प्रत्याशियों की जमानत जब्त करानी है। डॉ. दिनेश शर्मा ने जनता से अपील की कि 23 अप्रैल को चुनावी रूपी महायज्ञ होने जा रहा है। उसमें आप लोग (मतदाता) ईवीएम पर कमल निशान पर एक अंगुली रखें और फिर तीन बार यह मंत्र बोलें- ओम नमो कांग्रेसाय नम: स्वाहा, ओम नमो सपाय नम: स्वाहा और ओम नमो बसपाय नम : स्वाहा, उसके बाद कमल निशान वाला बटन दबा दें। आसुरी शक्तियां स्वयं नष्ट हो जाएंगी। जनसभा को सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू भइया, आरके शर्मा, पूर्व मेयर सुभाष पटेल समेत कई स्थानीय भाजपा नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में रविंद्र सिंह राठौर, रजनीश पांडेय, राणा प्रताप सिंह, स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता, शिव प्रताप सिंह रिंकू, हरवेंद्र सिंह यादव, अंकुर वर्मा, देवेंद्र सागर, डॉ. आरके गौतम, सिविल खंडेलवाल आदि मौजूद थे। संचालन रामगोपाल मिश्रा ने किया।
भीड़ से लगवाए नारे.. मेरा पीएम प्योर है
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने अपने भाषण के दौरान भीड़ से नारे लगवाए-- गली-गली में शोर है, एक बार श्योर है, मेरा पीएम प्योर है, कहने वाला चोर है। फिर कहा- मैं भी चौकीदार, आप भी चौकीदार, सब हैं चौकीदार। चौकीदार ही चोरों को पकड़ेगा। बोले, हाथ के पंजे ने देश को बहुत लूटा खसोटा है।
पतियों से मतदान कराने के बाद उन्हें दे जलपान
उपमुख्यमंत्री ने महिलाओं से मुखातिब होते हुए कहा- 23 अप्रैल से एक दिन पहले ताला लाकर रसोई में डाल देना। सुबह जब पतिदेव खाना मांगे तो उनसे कहना कि पहले करके आओ मतदान, तब मिलेगा जलपान। पतिदेव अपने साथ पड़ोसी के भी वोट डलवाएं। महिलाओं से कहा कि किसी के झांसे में आने की जरूरत नहीं। गैस कनेक्शन मोदी जी ने ही दिए हैं, वह आगे भी आपके लिए बहुत कुछ करेंगे।