बरेली। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के शहीदों को मंगलवार को अमर उजाला और फिनिक्स मॉल के संयुक्त तत्वाधान में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में शामिल एसपी क्राइम रमेश भारतीय ने मोमबत्ती जलाकर शहीदों को नमन किया। शोकसभा में दो मिनट का मौन भी रखा गया।
‘न हिंदू बुरा है न मुसलमान बुरा है, जिस दिल में है बुराई वो इंसान बुरा है’ ‘ये मेरे वतन के लोगों, जरा आंख में भर लो पानी’, इन्हीं अल्फाजों के साथ मौजूद लोगों को देश सेवा और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने का सार्थक प्रयास अमर उजाला और फिनिक्स मॉल ने किया। इस दौरान लगाए गए सिग्नेचर बोर्ड पर सैकड़ों की संख्या में मॉल पहुंचने वाले लोगों ने शहादत को सलाम कर ‘जय हिंद जय भारत’ का उद्घोष किया। देश भक्ति की धुनों से गूंज रहे परिसर में मौजूद प्रत्येक व्यक्ति की आंखें नम और दिल में दुश्मन देश से बदले की आग धधक रही थी। सभी ने शहीदों के सम्मान और देश की आन-बान-शान को सदैव अमिट बनाने का संकल्प लिया। सभी ने शहीदों को नमन कर शहादत को याद कर नम आंखों से दीप जलाकर दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान फिनिक्स मॉल के मैनेजर विवेक जौहरी, मार्केटिंग मैनेजर अभिनव राणा, सिक्योरिटी मैनेजर असीम कक्कड़, अश्वनी ओबेराय आदि मौजूद रहे।