बरेली। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार के साथ पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम ने शनिवार को भोजीपुरा इलाके में जनसंपर्क किया। कई जगह चुनावी सभाएं भी कीं। इस दौरान पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम ने कहा कि बरेली में गठबंधन की आंधी चलती देख भाजपा के होश उड़ गए हैं। भगवत जी बड़े अंतराल से जीतकर संसद जाएंगे। विकास और भाईचारे के लिए जनता महागठबंधन का साथ दे। इस दौरान डॉ. ओमकार पटेल, मुनीश गंगवार, शरीफ खां, ओमप्रकाश कश्यप, नीरज तिवारी आदि मौजूद रहे। शेरगढ़ में आयोजित सभा में भगवत सरन ने कहा कि सात बार सांसद रहने के बाद जो शख्स बरेली में विकास का सूखा खत्म नहीं कर सका, उसे अब और मौका नहीं मिलेगा। उनके साथ भूपेंद्र कुर्मी, सूरज यादव, संजीव यादव आदि ने भोजीपुरा में जनसंपर्क किया। सपा राष्ट्रीय सचिव अखिलेश कटियार ने मीरगंज विधानसभा क्षेत्र के चुरई मनकरा, गुगई, सुजातपुर, नंदगांव, शीशमखेड़ा, बलूपुरा, नथपुरा, जौनैर सहित दर्जनों गांवों में जनसंपर्क कर भगवत सरन के लिए वोट मांगे।