बरेली। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को भाजपा की विजय संकल्प सभा में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा यूपी में इस बार 73 से ज्यादा सीटें जीतेगी, 74 वीं सीट अमेठी की होगी जहां स्मृति ईरानी चुनाव जीत रही हैं। बोले, अमेठी में राहुल गांधी ने तो चुनाव से पहले ही हार मान ली है। वह अमेठी छोड़कर केरल भाग निकले हैं लेकिन वहां भी चुनाव नहीं जीत पाएंगे।
एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को दुनिया की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करा दिया है। भारत विश्व की सबसे तेज उभरती अर्थव्यवस्था का देश है। रेल मंत्री ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले में पाकिस्तान पर एयर सर्जिकल स्ट्राइक करके भारत ने यह भी जता दिया कि वह आतंक के खिलाफ कठोर और निर्णायक कार्रवाई भी कर सकता है। 42 करोड़ असंगठित मजदूरों को 3000 रुपये मासिक पेंशन देने का निर्णय गरीबों का जीवन स्तर उठाने वाला है। पीयूष गोयल ने कहा कि उन्हें आने में विलंब हो गया क्योंकि वह वित्तमंत्री अरुण जेटली से विचार विमर्श करके अगले पांच साल के लिए भाजपा का संकल्प पत्र तैयार करा रहे थे। उसमें जनता के सुझावों को भी शामिल किया गया है। 24 मार्च के दिन ऐतिहासिक बताते हुए रेल मंत्री ने कहा कि इस दिन मोरारजी देसाई देश के पहले गैरकांग्रेसी प्रधानमंत्री बने थे। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, मेयर उमेश गौतम, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, पूर्व मेयर सुभाष पटेल और विधायकों ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में विधायक केसर सिंह, छत्रपाल गंगवार, बहोरनलाल मौर्य, आदेश प्रताप सिंह, संजीव शर्मा, पवन शर्मा, चंचल गंगवार, सौभाग्यवती गंगवार, मनोज यादव, अधीर सक्सेना आदि शामिल थे। संचालन पुष्पेंदु शर्मा ने किया।