बरेली। बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए डेढ़ लाख से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। इनमें 1.41 लाख से ज्यादा ने फीस जमा कर दी है। हालांकि, यह संख्या पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम है। आवेदन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 11 मार्च है। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को चिंता सताने लगी है कि 1.96 लाख सीटों के सापेक्ष कितने आवेदन आ पाएंगे। तिथि बढ़ाने को लेकर भी मंथन शुरू हो गया है।
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए पिछले साल दो लाख से ज्यादा आवेदन आए थे। इस बार रुहेलखंड विश्वविद्यालय की मेजबानी में परीक्षा हो रही है। पिछले साल के मुकाबले इस बार आवेदन कम हो रहे हैं। सोमवार तक 156073 पंजीकरण हुए, जिसमें 141300 ने फीस जमा की। पंजीकरण करने के बाद अभ्यर्थी फीस नहीं जमा कर रहे हैं, जबकि इसके बाद ही फॉर्म कंफर्म माना जाएगा। बीएड एंट्रेंस के स्टेट कोऑर्डिनेटर प्रो. बीआर कुकरेती के अनुसार, 11 मार्च तक फॉर्म भरे जाएंगे। चुनाव को देखते हुए इस बार समय कम है, इसलिए बार-बार तिथि बढ़ाना मुश्किल है। आवेदनों की संख्या देखने के बाद ही तिथि बढ़ाने का फैसला होगा।