बरेली। नवाबगंज नगर पालिका की चेयरमैन शहला ताहिर के पति डॉ. ताहिर एक बार फिर आरोपों में घिर गए हैं। कुछ किसानों ने जिला मुख्यालय आकर कमिश्नर से लेकर एसएसपी तक से शिकायत की। कहा कि सरकारी रास्ते और नाले पर दुकानें बनाने की तैयारी है जिससे सरकारी संपत्ति पर कब्जा होगा व किसानों का रास्ता बंद हो जाएगा।
नवाबगंज के मोहल्ला कैलाश नगर के निवासी कदीर अहमद, नवी अहमद समेत कई किसानों ने एसएसपी दफ्तर में शिकायतें सुन रहे नवाबगंज सीओ को ज्ञापन दिया कि बिजौरिया गांव में गाटा संख्या 35 व 34 की जमीन की जमीन नगर पालिका की नहीं है। बावजूद पालिका इसे कब्जा कर अवैध तरीके से दुकानें बनाकर वसूली करना चाहती है। बताया कि नाले के पास उन लोगों के खेत हैं। उनके खेतों पर जाने के लिए बनाया स्लैब तोड़ दिया गया। अब दुकान निर्माण से खेतों का रास्ता ही बंद हो जाएगा। इस मामले में तत्काल कार्रवाई की जाए।
दुकानों से बढ़ेगी पालिका की आमदनी
- हमने नालों से अतिक्रमण हटवाया है। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कर नाले के किनारे दुकानें बनाएंगे। इससे पालिका की आमदनी बढ़ेगी और यह धन नगर के विकास पर खर्च हो सकेगा। किसानों को दस फुट रास्ता छोड़ा गया है। वे पैमाइश करा लें, अगर उनकी जमीन दुकानों में जाए तो बताएं। - शहला ताहिर, चेयरमैन नवाबगंज
मौके पर खुद करेंगे जांच
- किसानों की शिकायत मैंने एसएसपी दफ्तर में सुनी थी। इसके बाद थाना पुलिस को आरोप की जांच कराने के निर्देश दिए। शनिवार को मैं खुद मौके पर निरीक्षण करूंगा। अगर किसानों के साथ अन्याय हो रहा है तो कार्रवाई कराई जाएगी। - जगमोहन बुटोला, सीओ नवाबगंज