बरेली। नगर आयुक्त की ओर से जनता की शिकायतें सुनने के लिए सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक का समय निर्धारित किए जाने के बाद सोमवार को शिकायतें लेकर पहुंचने वालों को अपनी समस्या बताने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. ने सोमवार को सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक जनता की शिकायतें सुनीं। इसके बाद वह दूसरे विभागीय कार्यों में व्यस्त हो गए। मगर पहले की तरह पूरे दिन शिकायतें लेकर पहुंचने वालों का सिलसिला इसके बाद भी जारी रहा। पूर्व नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव कार्यालय में मौजूद रहने तक शिकायतें सुनते थे। इसी उम्मीद में सोमवार को लोग देर तक निगम पहुंचते रहे, मगर 12 बजे के बाद उन्हें नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर ही रोक दिया गया। रहपुरा चौधरी में खराब सड़क और जलभराव की शिकायत लेकर करीब एक बजे पहुंचे वली रजा को आधा घंटे से भी ज्यादा इंतजार करना पड़ा। ऐसे ही फाइक एंक्लेव के लोगों को भी इतना ही इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा लोधी टोला, हजियापुर एवं कांकरटोला के लोग सड़क बनवाने की मांग को लेकर बिल्लू खां, मजहर बेग, राजू, अजीम, लियाकत आदि की मुलाकात भी करीब आधा घंटा इंतजार के बाद हुई।
जलभराव देखकर रास्ते से लौटे नगर आयुक्त
लोधी टोला, हजियापुर एवं कांकरटोला के लोगों की शिकायत पर नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. नाला के चलते जलभराव की जांच को लेकर लोधी टोला पहुंचे। शिकायतकर्ता बिल्लू खां ने बताया कि हजियापुर में बाल्मीकि बस्ती के सामने चांद की डेयरी वाली गली में जलभराव को लेकर नगर आयुक्त को निरीक्षण करना था। मगर वह कांकरटोला सब्जीमंडी से आगे जलभराव तक पहुंचे और समस्या की मूल जड़ तक नहीं पहुंच सके। इसके बाद वह लौट गए।
मिलने का समय 10-12 बजे तक तय किया गया है, लेकिन मैंने दोपहर करीब दो बजे तक शिकायतें सुनीं। इसके बाद एक शिकायत की हजियापुर में जाकर जांच भी की। अफसरों को वहां जलनिकासी की योजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
- सैमुअल पॉल एन., नगर आयुक्त