बरेली। इमामुस्सालेकीन हजरत मोहम्मद तकी मियां नियाजी के उर्स में जायरीन की भीड़ बढ़ने लगी है। तमाम खानकाहों के साहबजादगान पहुंच चुके हैं। शुक्रवार को बड़ा कुल शरीफ होगा।
खानकाह नियाजिया में उर्स के दूसरे रोज तकरीब की शुरुआत सुबह कुरान ख्वानी से हुई। इसके बाद लोगों ने इमामुस्सालेकीन की बारगाह में खिराजे अकीदत पेश किया। तमाम अकीदतमंदों ने सज्जादानशीन शाह मोहम्मद हसनैन उर्फ हसनी मियां और नायब सज्जादा अल्हाज मौलाना शाह मेंहदी मियां की कदमबोसी करते हुए दुआएं हासिल कीं। दिन में फातेहा के बाद सलातो सलाम पेश किया गया। शाम को असर की नमाज के बाद मीलाद की महफिल सजी। इसके बाद साहिबे सज्जादा ने लोगों को तबर्रुकात की जियारत कराई। देर शाम आस्ताने शरीफ चादरें पेश की गईं।
रात में कव्वाली की महफिल सजी, जिसमें 12.30 बजे सज्जादानशीन, नायब सज्जादानशीन और प्रबंधक शब्बू मियां सहित तमाम खानवादे महफिल में आए। देर रात 1.30 बजे हजरत शाह तकी मियां का विसाली कुल शरीफ हुआ। आखिर में शाह हसनी मियां की दुआओं के साथ दूसरे रोज की तकरीब मुकम्मल हुई। शुक्रवार को दिन भर की तकरीब के बाद रात में हजरत शाह तकी मियां का बड़ा कुल शरीफ होगा।