बरेली। साहिबे कमाल गुरु गोबिंद सिंह साहिब के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को खालसा पंथ सुखमनी सेवा सोसायटी के तत्वाधान में सिख संगत ने नगर कीर्तन निकाला। पंजाबी महासभा और समाज सेवा मंच ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब का पुष्पवर्षा से स्वागत किया। गतका पार्टी के करतबों ने राहगीरों को बांधे रखा। वहीं बदायूं से आए सुंदरी सेवा ग्रुप के बच्चों ने 84 दंगों की लघु नाटिका प्रस्तुत कर मौजूद दर्शकों की आंखें नम कर दीं। चौकी चौराहा पर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार ने नगर कीर्तन का स्वागत किया।
नगर कीर्तन की अगुवाई पंज पिआरे कर रहे थे। साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब का वाहन फूलों से सजा था। सबसे आगे निशान साहिब युक्त नगाड़ा बज रहा था। पैदल व घुड़सवार निहंग सिंह नगर कीर्तन की शोभा बढ़ा रहे थे। बैंड पर गुरवाणी से शबद गाया जा रहा था। एलईडी के जरिए नगर कीर्तन का लाइव दिखाया जा रहा था। ट्रैक्टर ट्राली पर स्त्री सत्संग सभा गुरवाणी कीर्तन कर रही थीं। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी रंग बिरंगी पोशाकों में नगर कीर्तन की शान बढ़ा रहे थे। सुभाष नगर और पीले क्वार्टर की गतका पार्टियां गतका प्रदर्शन कर लोगों को दांतों तले ऊंगलियां दबाने पर मजबूर कर रहीं थीं। बदायूं से आए बच्चों का जत्था गुरवाणी, पंजाब से आए ढाढी जत्थे ढाढी वारे गा कर संगत को निहाल कर रहे थे। वहीं पंजाब और हरियाणा से आए कवि इं. करमजीत सिंह नूर एवं गुरशरण सिंह परवाना ने सिख इतिहास की जानकारी दे रहे थे। माता भाग कौर की युवतियां पंज पिआरों की पोशाक में शामिल हुईं। पंजाब से आए पाइप बैंड के पीछे गुरु की संगत झाड़ू लगाकर सड़क को पानी से साफ कर फूल बरसा रही थी। अमृतसर साहिब से आए गुरु के सिंह ‘नरसिंहा’ बजाकर गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी आने की सूचना दे रहे थे। नगर कीर्तन की समाप्ति पर गुरुद्वारा सिविल लाइंस पर गुरु का अटूट लंगर बांटा गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष कुलदीप सिंह सोढ़ी, परमजीत सिंह, परमिंदर सिंह बेदी, राजेश साहनी, मालिक सिंह कालड़ा, मंजीत सिंह आदि का सहयोग रहा।