पिछले साल डेंगू की रोकथाम के लिए लागू किए गए गजट नोटिफिकेशन पर इस साल सख्ती से काम होगा। इसमें कुछ नए नियम और प्रावधान शामिल किए गए हैं। डेंगू का लार्वा अगर किसी के घर या कार्यालय पर पाया जाता है तो जुर्माने के साथ ही रिपोर्ट भी होगी।
डेंगू पर लापरवाही की वजह से पिछले साल पूरे प्रदेश में कई मौतें हुई थीं। बरेली में भी मरने वालों की संख्या 12 से अधिक रही। सबसे अधिक मौतें गणेशनगर में हुई थीं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग इनको डेंगू से मौत नहीं मान रहा है। डेंगू के लार्वा पाए जाने पर संबंधित लोगाें से लार्वा हटाने का हर्जाना और सर्विस टैक्स वसूला जाएगा। निर्माण स्थल पर कार्य कराने वाले कांट्रैक्टराें को मच्छर रोकने के इंतजाम करने होंगे। कंट्रोलिंग ऑफिसर नियुक्त किए जाएंगे। आदेश का पालन न करने वालों के खिलाफ सेक्शन 188 आईपीसी के तहत कानूनी कार्यवाही होगी।
अगर मिला लार्वा तो वसूलेंगे चार्ज
अगर किसी घर, होटल, अस्पताल, निर्माण स्थल, बिल्डिंग या अन्य जगह पर डेंगू लार्वा व मच्छर पैदा होने के अनुकूल हालात पाए जाएंगे तो 24 घंटे में उसे हटाने का नोटिस दिया जाएगा। इसका पालन न करने पर स्वास्थ्य विभाग मालिक से इसे हटाने का शुल्क सर्विस चार्ज के साथ वसूलेगा।
बाहर से आए मजदूरों की कराएं जांच
आदेश में है कि निजी और सरकारी निर्माण स्थलाें पर कांट्रैक्टर बाहर से आए मजदूरों की डेंगू, काला ज्वर और अन्य वेक्टर बोर्न डिसीज की जांच मलेरिया क्लीनिक में करवाएंगे। कोई श्रमिक बीमार है तो साइट पर नहीं लगाया जाएगा। शहर में फ्लाईओवर व अन्य कई कार्य चल रहे हैं लेकिन अभी तक इनमें किसी की जांच नहीं हुई है।
निजी डॉक्टर सरकारी में कराएंगे जांच
नोटिफिकेशन में कहा है कि निजी डॉक्टर, नर्सिंग होम, मेडिकल इंस्टीट्यूट और क्लीनिकल लैब में अगर कोई ब्लड सैंपल डेंगू व मलेरिया से ग्रस्त पाया जाता है तो इसकी सूचना कंट्रोलिंग ऑफिसर को देंगे और इसकी क्रास मैचिंग कराएंगे। यह नोटिफाइड डिसीज बताई गई है।
एडी ने बनाई टीम
एडी हेल्थ डॉ. प्रमिला गौड़ ने सोमवार को बैठक कर टीम बना दी है। वेक्टर बोर्न डिसीज के प्रभारी डॉ. आरपी शर्मा के साथ एंटीमोलॉजिस्ट डॉ. दीपक कुमार, दो इंसेक्ट कलेक्टर और एक एलटी लगाए गए हैं। मलेरिया विभाग की टीम भी छापेमारी करेगी। यह टीम संवेदनशील स्थानाें पर जाकर पड़ताल करेगी।
मच्छराें के प्रति अभी से सावधान होने की जरूरत है। टीम बना दी गई है जो रोज प्रमुख जगह पर जाकर पड़ताल करेगी। अगर लार्वा पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
- डॉ. प्रमिला गौड़, एडी हेल्थ
सभी सरकारी और निजी चिकित्सकाें नोटिफिकेशन की कॉपी पिछले साल दी जा चुकी है। कहीं भी पानी जमा न होने दें। नोटिस की कार्रवाई निगम करेगा।
- पंकज जैन, जिला मलेरिया अधिकारी, बरेली