बरेली। लोकसभा चुनाव में आधी आबादी ने बरेली की अपेक्षा आंवला लोकसभा में मतदान करने में ज्यादा दिलचस्पी दिखाई। इसके चलते वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले आंवला में महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत 0.99 प्रतिशत बढ़ गया। वहीं बरेली लोकसभा में महिलाओं का मतदान 0.58 प्रतिशत कम हुआ है।
आंवला लोकसभा में मतदान को लेकर इस बार आधी आबादी ने पुरुष मतदाताओं को पछाड़ दिया। इस सीट पर वर्ष 2014 में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 57.41 था, जिसमें बढ़ोत्तरी होकर इस बार यह आंकड़ा 58.40 प्रतिशत पर पहुंच गया है। वहीं, पुरुष मतदाता इस सीट पर पिछड़े हैं। पिछले चुनाव में यहां पुरुष मतदाता का प्रतिशत 62.46 था, जो इस बार घटकर 59.42 पर ही ठहर गया। वहीं, बरेली लोकसभा सीट पर महिला और पुरुष दोनों ही मतदाताओं का आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले घट गया है। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत 58.79 था, जो इस बार 58.21 पर ही सिमट गया है। ऐसे ही पुरुष मतदाता भी घर से कम निकले, पिछले चुनाव में यहां 63.13 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने वोट डाले थे लेकिन इस बार 60.29 ही मतदान करने को निकले।