मकसूदापुर/पुवायां। घुंघचिहाई दिउरिया रोड पर शारदा नहर के टूटा पुल के शनिवार को बीसलपुर के दो युवक नहाते समय डूब गए। दोनों के शव दूसरे दिन रविवार को नहर से बरामद हो गए। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
शनिवार को बीसलपुर के मोहल्ला बगिया निवासी रामऔतार का 17 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार आपने दोस्त 19 वर्षीय अंकुर और नौ अन्य दोस्तों के साथ बाइक और अन्य वाहनों से शारदा नहर के टूटा पुल पर आए थे। सभी 11 लोग नहाने के लिए शारदा नहर में उतरे तो पानी के तेज बहाव के कारण अभिषेक और अंकुर पानी में बह गए और डूबने लगे। साथी भोला और आकाश ने तैरकर दोनों को बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मामले की जानकारी अभिषेक और अंकुर के परिवार वालों को दी गई तो दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
शनिवार देर हो जाने के कारण दोनों की नहर के किनारों पर बंडा क्षेत्र के नवदिया बंकी, गहलुइया, भांभी, मकसूदापुर, कुआंडांडा तक तलाश की गई लेकिन कोई पता नहीं चल सका। रविवार को दोनों के परिवार के लोग गोताखोरों के साथ फिर तलाश करने में जुटे तो दोनों के शव नहर से बरामद हो गए। घटना स्थल बंडा का सीमावर्ती पीलीभीत जिले में है। घुंघचहाई पुलिस चौकी से पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अभिषेक और अंकुर का शव मिलने से दोनों घरों में कोहराम मचा हुआ है।