बरेली। सिंचाई विभाग में कर्मचारियों और एक्सईएन के बीच छिड़ा विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। एक्सईएन ने एक कर्मचारी का वेतन रोकने एवं विभागीय कार्रवाई करने की बात कही थी। इसके विरोध में कर्मचारियों ने एकजु़ट होकर एक्सईएन के खिलाफ मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कोतवाली में तहरीर दी। मंगलवार को कर्मचारी एसएसपी और डीएम से भी मिलेंगे।
सोमवार को सिंचाई विभाग के तमाम कर्मचारियों ने कोतवाली जाकर एक्सईएन के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में एक्सईएन पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मगर, पुलिस ने देर रात तक मुकदमा पंजीकृत नहीं किया। बता दें कि कई दिन पहले सिंचाई विभाग के एक्सईएन और कर्मचारियों के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। इस पर कर्मचारियों ने एकजुट होकर सिंचाई विभाग के दफ्तर में एक्सईएन के खिलाफ नारेबाजी की। एक्सईएन ने 100 डायल करके पुलिस बुला ली। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। कर्मचारी आशीष गंगवार का आरोप है कि एक्सईएन ने द्वेष भाव के चलते उनकी चरित्र पंजिका खराब करने और झूठे आरोपों में फंसाने की धमकी देते हुए उसकी सेवा पुस्तिका में अंकन करने का प्रयास किया। 25 जनवरी को उसका वेतन रोकने के आदेश दिए गए थे। मगर, कर्मचारी यूनियन ने विरोध जताया तो एक्सईएन उसका वेतन नहीं रोक सके। एक्सईएन से इस संबंध में बात करने की कोशिश की गई, लेकिन मोबाइल पर उनसे संपर्क नहीं हो सका।