बरेली। शहरवासियों को चक्कर लगवाने वाला नगर निगम का प्रकाश विभाग सीएम के आदेश की भी सुनवाई नहीं कर रहा है, जिससे निगम कीशिकायत निस्तारण प्रणाली पर सवालिया निशान लग रहे हैं। इसे लेेकर नगर आयुक्त ने नगर निगम के चार विभागों के अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। बता दें कि आईजीआरएस पोर्टल पर जन शिकायतों को सीधे मुख्यमंत्री को भेजा जाता है। जिनका अधिकारियों को 15 दिन में निपटारा करना होता है, लेकिन इन्हें निपटाने में कोई रुचि नहीं ले रहा है। सीएम पोर्टल पर प्रकाश विभाग डिफाल्टर घोषित है। जिसने 336 में से 60 शिकायतें अभी तक निस्तारित नहीं की हैं। दूसरे नंबर पर स्वास्थ्य विभाग की 385 शिकायतें हैं, जिसमें 31 का निस्तारण नहीं हुआ है।
नाला निर्माण में पीला ईंट देख बिफरे लोग
बरेली। संजयनगर में चल रहे नाला और नाली निर्माण में पीली ईंट लगाने की शिकायत बृहस्पतिवार को स्थानीय निवासियों ने नगर आयुक्त से की है। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री को घटिया बताते हुए उसके फोटो भी सौंपे हैं।
स्थानीय निवासी सुरेश कुमार, महिपाल, रामसेवक गुप्ता, आलोक सिंह के मुताबिक निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार के चलते माह भर से आवागमन बाधित है। जो ईंट ठेकेदार लगा रहा है वह पीला है, जिससे निर्माण की मजबूती पर सवालिया निशान लग रहा है। सौंपे गए शिकायत पत्र पर नगर आयुक्त राजेश कुमार श्रीवास्तव ने निर्माण विभाग के इंजीनियरों को जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, शिकायत सही पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।