बरेली। लोकसभा चुनाव की संभावना देखते हुए एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव कर दिया है। बीए, बीएससी, बीकॉम की परीक्षाएं पहले एक मार्च से 25 अप्रैल तक घोषित की गई थीं। मंगलवार को जारी संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के तहत ये परीक्षाएं अब 25 फरवरी से 15 अप्रैल तक होंगी। विश्वविद्यालय ने इस तरह संशोधित स्नातक परीक्षा कार्यक्रम में सात दिन घटा दिए हैं। पहले स्नातक की परीक्षाएं पहले 56 दिन में होतीं जो अब 49 दिन में ही निपट जाएंगी। स्नातक के साथ एमए, एमएससी और एमकॉम का परीक्षा कार्यक्रम भी बदला गया है। परास्नातक की परीक्षाएं पहले 12 मार्च से 5 अप्रैल तक होनी थी जो अब 7 मार्च से 29 मार्च तक होंगी। परास्नातक की परीक्षाओं के लिए पहले 24 दिन का शेड्यूल बनाया गया था जो अब 22 दिन में ही निपट जाएंगी।
रविवार और शुक्रवार को तीनों पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा कार्यक्रम छोटा करने के लिए विश्वविद्यालय ने इस बार रविवार को भी परीक्षाएं रखी हैं। रविवार को तीनों पालियों में परीक्षा होगी। परीक्षाएं लगातार होगी। बीच में अवकाश नहीं रखे गए हैं। तीन मार्च, 10 मार्च, 17 मार्च को रविवार है। इन तिथियों में तीनों पालियों में परीक्षा होगी। परास्नातक में भी तीन रविवार को परीक्षाएं प्रस्तावित की हैं। शुक्रवार को दो पालियों में परीक्षा होती थी। इस बार तीनों पालियों में परीक्षा होगी। हालांकि शुक्रवार को तीनों पालियों में परीक्षाएं रखने पर विरोध भी शुरू हो गया है। बरेली कॉलेज के पूर्व छात्रनेता इमरान अंसारी का कहना है कि शुक्रवार को दोपहर की पाली में परीक्षाएं होने से मुस्लिम छात्र जुुमे की नमाज नहीं पढ़ पाएंगे। उन्होंने राजभवन को भी इस संबंध में पत्र भेजा है।
संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। चुनाव को देखते हुए परीक्षाओं को शेड्यूल कुछ पीछे किया है। समय कम होने के कारण रविवार को भी तीनों पालियों में परीक्षा रखी है। शुक्रवार को भी तीनों पालियों में परीक्षा होगी। -संजीव कुमार, परीक्षा नियंत्रक