बरेली। 30 दिसंबर को सीएम के संभावित दौरे को देखते हुए डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने सुबह कलक्ट्रेट सभागार में एडीएम सिटी ओपी वर्मा, एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार शुक्ला सहित कई विभागों के अधिकारियों के साथ मीटिंग की। इसमें सभी अफसरों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया। इधर, कलक्ट्रेट और तहसील में पार्क को दुरुस्त और साफ-सफाई का काम चलता रहा। हालांकि देर रात तक सीएम के आने की सूचना न मिलने से उनके आगमन की संभावना अब कम ही बताई जा रही है। इधर, ग्राम विकास विभाग, तहसील और नगर निगम से संबंधित करीब 800 शिकायतें सीएम हेल्पलाइन से संबंधित लंबित थीं। शनिवार को आनन-फानन में इनका निस्तारण करा दिया गया।
बारिश में टूटी सड़क दो दिन में बन गई
सर्किट हाउस चौराहे से कलक्ट्रेट के बीच सड़क बारिश में काफी टूट गई थी। कई जगह पर डामर पूरा उधड़ चुका था। बजरी फैली रहने से यहां आए दिन बाइक सवार गिरते रहते थे, लेकिन अधिकारियों ने इस सड़क को बनाने में कोई दिलचस्पी नहीं ली, लेकिन सीएम के दौरे की संभावना के बीच यह सड़क दो दिन में बन गई। इधर, गांधी उद्यान से श्यामगंज सहित कई सड़कों पर पैच वर्क भी होते रहे।
सीएम के आने की अब तक कोई अधिकृत सूचना नहीं मिली है, इसलिए वह आएंगे या नहीं, इस संबंध में कुछ बता पाना संभव नहीं है, लेकिन अधिकारियों को अलर्ट रहने के आदेश दे दिए गए हैं। - वीरेंद्र कुमार सिंह, डीएम