बरेली। प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान योजना में गड़बड़ी के अंदेशे में 10 निजी अस्पतालों का नाम लिस्ट से हटा दिया गया है। पूर्व में लागू स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में घपलेबाजी होने से सीएमओ कार्यालय सतर्कता बरत रहा है। इनमें कुछ नामचीन अस्पताल में भी शामिल है। वहीं ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में 57 मरीजों को आयुष्मान योजना में मुफ्त इलाज मुहैया कराया गया, लेकिन जिला अस्पताल का खाता इस योजना में नहीं खुला है। यहां एक भी मरीज को इस योजना के तहत इलाज नहीं दिया गया, जबकि शाहजहांपुर जिला अस्पताल में 19 मरीजों को आयुष्मान योजना में इलाज दिया गया है। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला के मुताबिक योजना में निजी अस्पतालों को सतर्कता के साथ जोड़ा जा रहा है। बरेली का प्रदर्शन सूबे में सबसे अच्छा है।