केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार के पैतृक गांव टियूलिया में भी बुखार का प्रकोप शुरू हो गया है। गांव में बारिश का पानी भरा रहने से मच्छरों की भरमार है। मंगलवार को बुखार पीड़ित एक व्यक्ति की मौत हो गई। गांव के अधिकांश घरों में लोग बुखार से तप रहे हैं। ग्रामीणों ने मंगलवार को खुद ही सफाई करके पानी निकालने की कोशिश की।
टियूलिया में बरसात के दौरान तमाम घरों में पानी भर गया था। पानी के निकास की ठीक व्यवस्था न होने से गलियों में अब भी बारिश का गंदा पानी भरा हुआ है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बुखार का प्रकोप शुरू हो गया है। मंगलवार को बुखार से पीड़ित सुरेश कुमार पुत्र रामचंद्र की मौत हो गई, जबकि विशाल गंगवार, विक्रम सिंह, मनोज, शांति पाल, देवेंद्र, भूपेंद्र, अशोक कुमार, टीकाराम, राम गोपाल, दीपक, वीरेंद्र कुमार, करन आदि बुखार की चपेट में हैं। ग्रामीणों के मुताबिक डॉक्टरों की टीम अब तक इस रोगियों की जांच और दवा वितरित करने नहीं पहुंची है।