लखनऊ-दिल्ली अप लाइन पर रविवार को रेलवे ने ट्रैक की मरम्मत के लिए रेलवे ने बंथरा-तिलहर सेक्शन पर चार घंटे का ब्लॉक लिया है। इस बीच इस लाइन पर ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा। अभी तक ब्लॉक से जिस तरह ट्रेनों का यातायात प्रभावित रहा है, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि ब्लॉक के बाद पूरे दिन रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
बड़ौदा हाउस के सूत्रों के मुताबिक दिल्ली-लखनऊ सेक्शन पर ज्यादातर ब्लॉक और कॉशन हटा दिए गए हैं, लेकिन बंथरा और तिलहर के बीच पटरियां बदली जानीं है। लिहाजा रविवार को अप लाइन पर सुबह 10:30 से दोपहर 02:20 तक ट्रेनों का संचालन नहीं होगा। इससे वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस हरदोई और इलाहाबाद पैसेंजर लखनऊ से ही टर्मिनेट होगी, जबकि सिंगरौली से जंक्शन आने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस सवा दो घंटे, जम्मूतवी-सियालदा एक्सप्रेस एक घंटा और दरभंगा से अमृतसर जाने वाली जननायक एक्सप्रेस डेढ़ घंटा देरी से जंक्शन पहुंचेंगी। डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन यथावत रहेगा। रेलवे ने मेसेज से सभी यात्रियों को सूचना दे दी है। बता दें कि फरवरी से रेलवे प्रशासन ब्लॉक लेकर पटरियां बदल रहा है। 29 और 30 अप्रैल को मुरादाबाद से शाहजहांपुर तक आठ घंटे का ब्लाक लेकर जर्जर पटरियां बदलीं गई थीं, इसके बाद अब कितनी पटरियां बदलनी है, यह इंजीनियरिंग विभाग बताने को तैयार नहीं है।