एफएसडीए (खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन) ने मिलावटी सरसों तेल, दूध, पानी और अन्य खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। पहले दिन दूध, ब्रांडेड व खुले सरसों तेल के नमूने भरे गए। इससे कारोबारियों ने अफरातफरी मची हुई है। अभियान पूरे माह चलेगा।
जौनपुर में मिलावटी और जहरीले सरसों के तेल का खुलासा होने के बाद गुरुवार से जिले में भी नमूने भरने का अभियान शुरू हो गया। पहले दिन छह स्थानों पर छापामारी कर सरसों तेल के सैंपल भरे। टीम ने फीनिक्स मॉल परिसर में अप्रचलित पैक्ड ब्रांड फ्रेश एंड प्योर और पी मार्क मस्टर्ड ऑयल कच्ची घानी के नमूने लिए। एफएसडीए अफसरों ने ठिरिया में चल रहे कैसर और नवाब एक्सपेलर पर भी छापा मारा, यहां से खुले सरसों तेल के नमूने लिए।
फरीदपुर में रुप किशोर फर्म और हरीश किराना स्टोर दियोरनिया से चक्र ब्रांड कच्ची घानी तेल के नमूने भरे। टीम ने चौपुला चौराहा से तीन मिश्रित दूध के सैंपल भी भरे। सुबह हुई कार्रवाई से दूधियों में भगदड़ मच गई। कंटेनर में भर कर शहर में दूध लाने वाले लोगों ने मोबाइल से एक दूसरे साथियों को सूचित कर दिया। इससे वे रास्ता बदल कर शहर में आए। जिले भर में कंटेनरों में बिक रहा ठंडा पानी भी मानकों को पूरा नहीं कर रहा है, इसलिए एफएसडीए ने नौ पेयजल सप्लायर और प्लांट मालिकों को नोटिस जारी किए हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान ने बताया कि मिलावटी व अद्योमानक खाद्य पदार्थ और इडेबल ऑयल के नमूने भरने का अभियान जारी रहेगा। छापा टीम में अमित जिज्ञासु, सोमनाथ, आरपी पटेल, केपी सिंह, महेंद्र यादव आदि शामिल रहे।