बरेली इज्जतनगर की डिफेंस कॉलोनी में रहने वाला परिवार मत्था टेकने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब (ऊधमसिंह नगर) गया था। जहां युवक और उसके गायत्रीनगर निवासी दोस्त की सरोवर में डूबने से मौत हो गई। श्रद्धालुओं ने डूबे युवकों को बमुश्किल बाहर निकाला। अस्पताल ले जाए जाने पर डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार को अमावस्या पर गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में लगे एक दिवसीय मेले में इज्जतनगर की डिफेंस कॉलोनी से साठ सदस्यीय श्रद्धालुओं का जत्था पहुंचा था। कृष्णानगर वार्ड संख्या सात थाना इज्जतनगर निवासी अमनदीप सिंह उर्फ फतेह (20) पुत्र हरदीप सिंह अपनी मां गुरजीत कौर तथा गायत्रीनगर निवासी दोस्त मनदीप सिंह (16) पुत्र मनजीत सिंह के साथ आया था। गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक अरदास करने के बाद वह अपने दोस्त के साथ मेला घूमने और सरोवर में स्नान करने चला आया। उसने अपनी मां से पंजा साहिब के पास मिलने की बात कही। इसके बाद अमनदीप और मनदीप पवित्र सरोवर के उत्तरी छोर पर नहाने चले गए। सेवादारों ने नहाने से मना किया, परंतु मनदीप सिंह सरोवर में उतर गया। सीढ़ियों पर जमी काई पर पैर रखते ही वह फिसल गया और पानी में डूबने लगा। यह देख अमनदीप ने उसे बचाने को छलांग लगा दी, जबकि उसे भी तैरना नहीं आता था। युवकों को सरोवर में डूबता देख आसपास के श्रद्धालुओं ने शोर मचाया। पास में ही खड़े कुछ श्रद्धालुओं ने उन्हें निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।