कमिश्नर पीवी जगनमोहन के आदेश पर नवाबगंज नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष शहला ताहिर के खिलाफ जांच कर रही तीन सदस्यीय टीम को महत्वपूर्ण पत्रावलियां अभी तक नहीं मिल पाई हैं। बुधवार को शहला ताहिर के अधिवक्ता ने जांच टीम के प्रभारी एडीएम (प्रशासन) एसपी सिंह से खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर दस दिन का समय मांगा था। एडीएम (प्रशासन) ने और वक्त देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रावलियां नहीं देने पर अब रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
एडीएम (प्रशासन) ने बताया कि समय दिए जाने का कोई मतलब नहीं है। शहला ताहिर के पास पत्रावलियां हैं तो वह उन्हें मुहैया कराकर जांच में मदद करें। पत्रावलियां न हैं तो लिखकर दें किसके पास हैं। पत्रावलियां लेने के लिए वह एक दिन और इंतजार करेंगे। इसके बाद पत्रावलियां नहीं मिली तो वह मुकदमा लिखाकर शासन को रिपोर्ट भेज देंगे। एडीएम (प्रशासन) की अगुवाई में नवाबगंज पालिका इलाके में पालिकाध्यक्ष शहला ताहिर द्वारा पिछले पांच सालों में कराए कार्यों में घपले किए जाने के आरोपों की जांच की जा रही है। टीम में मुख्य कोषाधिकारी के अलावा एसडीएम नवाबगंज भी शामिल हैं। जांच टीम को अभी तक पालिका की कुछ महत्वपूर्ण फाइलें नहीं मिल रहीं हैं। पालिका के बाबू सुरेश पाल का कहना है कि दुकानों के निर्माण, नीलामी की फाइलें, कार्रवाई रजिस्टर, डाक रजिस्टर पालिकाध्यक्ष के पास हैं। जबकि अभी तक पालिकाध्यक्ष ने फाइलें अपने पास होने की बात स्वीकार नहीं की है। वह जांच में मदद करने के लिए दस दिन का समय मांग रही हैं।
शासन ने पूछा कब पूरी होगी जांच
-भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष रवींद्र सिंह राठौर की शिकायत पर शासन ने नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष शहला ताहिर के खिलाफ बिंदुवार जांच करके रिपोर्ट मांगी गई है। इस संबंध में कमिश्नर की तरफ से अपर आयुक्त(प्रशासन) जयंत कुमार दीक्षित ने डीएम को पत्र लिखकर नवाबगंज पालिकाध्यक्ष शहला के खिलाफ बिंदुवार जांच करके स्पष्ट आख्या मांगी है। ताकि वस्तुस्थिति से शासन को अवगत कराया जा सके।