बरेली। बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार दफ्तर ने उम्मीद की किरण दिखाई है। पहले जहां सिर्फ पंजीकरण के लिए यहां भीड़ जुटती थी, वहीं अब रोजगार मेले में नौकरी पाने को भी युवा जानकारी लेने जुटते रहते हैं। पिछले एक साल में रोजगार दफ्तर में 10 हजार लोगों ने पंजीकरण कराया है। इनमें करीब 600 लोगों को नौकरी मिली। निजी कंपनियों ने भी युवाआें को हायर करने के लिए संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
पिछले साल इफको ने रोजगार कार्यालय से संपर्क साधा और 63 युवाआें को नौकरी दी। इसी तरह तमाम अन्य कंपनियों ने वर्ष 2015 में 465 लोगों को हायर किया। जनवरी में भी 134 बेरोजगार युवाआें को रोजगार दफ्तर के जरिए काम मिला। हालांकि नौकरी पाने वाले युवाआें की संख्या पंजीकरण कराने वालाें के मुकाबले बेहद कम है। जिला रोजगार सहायक अधिकारी आशा आर्या बताती हैं कि प्राइवेट कंपनियों में अधिकतर सुरक्षा, बीमा व अन्य कार्य से जुड़ी संस्थाएं संपर्क करती हैं। कोशिश है कि बड़ी कंपनियां भी आएं।
आनलाइन व्यवस्था के चलते कम हुआ पंजीकरण
रोजगार दफ्तर अब युवाआें की भीड़ से पटा नहीं है। बेरोजगारी भत्ते की सूचना और नौकरी का विज्ञापन जारी होने के बाद भी यहां भीड़ नहीं लग रही है। आनलाइन पंजीकरण शुरू होने से घर बैठे लोग आवेदन कर रहे हैं। सेवायोजन कार्यालय की ओर से साल में 12 रोजगार मेला लगता है। जनवरी से अप्रैल में जहां 8108 पंजीकरण हुए थे। वहीं मई में यह संख्या 6803 पर सीमित हो गया।