अलीगंज। मझगवां ब्लॉक के गांव अंतपुर की गोशाला में मंगलवार रात 10 गायों का शव पड़ा मिला। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए मृत गायों को दफनाने से पूर्व जांच की मांग की।
रात में ही नायब तहसीलदार अरविंद कुमार व एसडीएम नहने राम भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, डीएम व पशु चिकित्साधिकारी के न आने की वजह से बजरंग दल के कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय को कॉल कर शिकायत दर्ज कराई।
बजरंग दल के आंवला तहसील अध्यक्ष आशीष हिंदू, अलीगंज इकाई के अध्यक्ष नितिन महाजन ने बताया कि उन्हें रात साढ़े आठ बजे सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे।
वहां 10 गायों का शव पड़ा था, जिसे दफन कराने के लिए पास में बड़ा गड्ढा खोदा गया था। गोशाला में कुल 95 गायें हैं, पर नाद में उनके खाने के लिए चारा नहीं था। कुछ में गंदगी पटी थी। इसमें से 25 गायें अलग बंधी मिलीं, जो दूध दे रही हैं। संवाद