बाराबंकी। बड्डूपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के युवक सूफियान (24) की ओमान में मौत हो गई। पिता ने एसपी से शिकायत की कि पुत्र को कंपनी के माध्यम से मजदूरी के लिए भेजा गया था मगर वहां उससे शौचालय धुलवाया जा रहा था। विदेश मंत्री को पत्र लिखकर पुत्र के शव को भारत लाने की मांग की है।
सलेमपुर निवासी सलीम के अनुसार उनका पुत्र सूफियान 12 जून 2025 को ओमान के कोबरा शहर काम करने गया था। 26 सितंबर को ओमान से सूचना मिली कि सूफियान की मृत्यु हो गई है। सलीम का कहना है कि अब तक उनके बेटे का शव भारत नहीं आया है। सलीम ने बताया कि पुत्र को विदेश भेजने के लिए मोहम्मदपुर खाला के कैथा निवासी एक एजेंट से बात हुई थी। इसी विश्वास में आकर सलीम ने लोगों से उधार लिया और पत्नी के जेवर बेचकर अपने बेटे को भेजा था। थानाध्यक्ष बड्डूपुर मनोज कुमार ने बताया कि शव को ओमान से लाने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई है।