बाराबंकी। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार वह पल आया, जिसका शहर को बेसब्री से इंतजार था। पूर्वोत्तर रेलवे की पहली प्रीमियम अमृत भारत एक्सप्रेस सोमवार रात नौ बजे बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर पहुंची। छपरा से 11 बजे रवाना हुई यह उद्घाटन विशेष गाड़ी स्टेशन पर लगभग पांच मिनट रुकी, लेकिन इस छोटे से ठहराव ने पूरे स्टेशन को उत्साह और हर्षोल्लास से भर दिया।
स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक अरुण रायजादा और अन्य अधिकारियों ने एक-दूसरे को माला पहनाई, मिठाई खिलाई और लोको पायलट का तिलक कर भव्य स्वागत किया। यह पहली गैर-वातानुकूलित प्रीमियम ट्रेन है, जिसका ठहराव बाराबंकी में हुआ। यात्रियों में इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर खुशी की लहर साफ देखी गई। अमृत भारत एक्सप्रेस ने खासतौर पर मध्यम वर्ग का ध्यान खींचा है। स्वदेशी डिजाइन की यह ट्रेन आत्मनिर्भर भारत की झलक पेश करती है।
यह है ट्रेन का मार्ग
ये ट्रेन पूर्वाह्न 11 बजे छपरा, सीवान, थावे, तमकुही रोड, पडरौना, कप्तानगंज, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, गोंडा, बाराबंकी, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल और इटावा होते हुए मंगलवार सुबह 8 बजे दिल्ली पहुंचेगी।