युवक की मौत के बाद रोत-बिलखते परीजन को संभालती आरक्षी। संवाद
घुंघटेर। क्षेत्र के हाजीपुर गांव स्थित प्रसिद्ध दांडी तुला धाम पर रविवार दोपहर लखनऊ से अपने दोस्तों के साथ नहाने आया युवक तालाब में डूब गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि हादसे के बाद साथ आए दोस्त उसे बचाने के बजाय मौके से भाग गए। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तालाब से शव निकाला।
लखनऊ के महिंगवा थाना क्षेत्र के मुसफरी मजरे हिम्मत पुरवा का निवासी रोहित (22) अपने घर का इकलौता चिराग था। रविवार दोपहर करीब 2:00 बजे वह अपने साथी अभिषेक और मोहित के साथ धाम पर आया था। तालाब में नहाते समय रोहित अचानक गहरे पानी में चला गया।
जिस समय यह हादसा हुआ, मंदिर परिसर में राम नाम का जाप चल रहा था। श्रद्धालुओं ने जब युवक को डूबते देखा तो शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए, लेकिन रोहित के साथी मदद करने के बजाय वहां से भाग निकले।
इकलौते बेटे की मौत से मां उषा देवी और बहन अंजलि का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर एसडीएम फतेहपुर कार्तिकेय सिंह, क्षेत्राधिकारी जगतराम चौरसिया दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसएचओ अभय मौर्या ने बताया कि तालाब के पास मोबाइल व बाइक मिली।
मोबाइल लॉक थे। इस पर बाइक के नंबर से युवक की पहचान हुई। बाइक युवक के पिता के नाम थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।