बाराबंकी। (बाराबंकी)। सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक किशोर समेत पांच लोग घायल हो गए।
लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर अमेठी जिले की सीमा में इन्हौना के पास रविवार रात हुए हादसे में वाराणसी जिले के थाना पांडेयपुर के खजुरी निवासी कलीम (45) घायल हो गए। उन्हें देर रात सीएचसी हैदरगढ़ लाया गया जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं, थाना क्षेत्र लोनीकटरा के मनोधरपुर गांव में सोमवार को देवी प्रतिमा की विसर्जन यात्रा में डीजे पर डांस कर रहे गांव के राज मौर्या (17) के पैर पर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ गया जिससे वह घायल हो गया। उसको सीएचसी त्रिवेदीगंज में भर्ती कराया गया।
उधर, थाना क्षेत्र मसौली में बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर करसंडा गांव के निकट एक बाइक चालक को बचाने के चक्कर में जीप खाई में जा गिरी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसमें सवार जनपद गोंडा के मनकापुर निवासी चार युवकों को हल्की-फुल्की चोट आने पर सीएचसी बड़ागांव ले गई। वहां उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।