बाराबंकी। बहरापुर मजरे मेहौरा गांव में रघुराज (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने उनके पिता और भाई पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा स्वयं जहर खाने की बात सामने आ रही है। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल है। प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा भी गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।
मृतक की पत्नी उषा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे उनके पति की हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए सिरौलीगौसपुर के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में उन्हें लखनऊ के लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रामसनेहीघाट के एसएचओ दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा स्वयं जहर खाने की बात सामने आई है। हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।