लखनऊ। चौक निवासी युवती ने हजरतगंज हैडिल कॉलोनी के अर्पित जायसवाल पर कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने और पांच लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि और रुपये न मिलने पर आरोपी ने वीडियो अपने दोस्त को भेज दिया। वहीं, जब युवती शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची तो उसके पिता ने धमकाया। कोर्ट के आदेश पर अर्पित, उसके दोस्त व पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मूलरूप से बहराइच निवासी युवती अभी चौक में रह रही है। दिसंबर 2024 में रूमी गेट के पास परिचित के माध्यम से उसकी अर्पित से मुलाकात हुई। दोनों की फोन पर बात होने लगी। 2025 की न्यू ईयर पार्टी में अर्पित ने युवती को पत्रकारपुरम निवासी दोस्त सूर्या के घर बुलाया। युवती का आरोप है कि पार्टी में अर्पित ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर पिला दिया। इसके बाद आरोपी ने दुष्कर्म कर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। अर्पित ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगे। युवती ने चार लाख नकद और एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद अर्पित ने और रुपये मांगे तो युवती ने मना कर दिया। इस पर आरोपी ने वीडियो अपने दोस्त को भेज दिया। युवती आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंची तो उसके पिता जियालाल विश्वकर्ता ने धमकाकर भगा दिया। युवती का यह भी आरोप है कि गोमतीनगर पुलिस से शिकायत पर भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई। इस पर उसने कोर्ट की शरण ली। एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि जल्द युवती का बयान मजिस्ट्रेट के सामने कराया जाएगा और उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।