फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: लखनऊ में युवक का अपहरण, 10 लाख मांगे, दो हिरासत में

Tue, 20 May 2025 01:10 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। रोजगार की तलाश में लखनऊ गए युवक का सनसनीखेज तरीके से अपहरण कर लिया गया। देर रात भाई के मोबाइल फोन पर कॉल कर बदमाशों ने परिजनों से 10 लाख की फिरौती मांगी। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सूझबूझ के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए भोर होने से पहले युवक को लखनऊ से ही सकुशल मुक्त कराने में सफलता प्राप्त की।
विज्ञापन

पुलिस इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के अल्लापुर गांव निवासी रामदास का पुत्र रवि (20) कई दिनों से रोजगार की तलाश में था। गांव के ही बहादुर ने उसे लखनऊ में एक परिचित के यहां नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसके लिए रविवार सुबह वह लखनऊ के लिए रवाना हो गया, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रात करीब नौ बजे रवि के भाई विपिन के फोन पर एक कॉल आई। दूसरी ओर से किसी अज्ञात शख्स ने बताया कि उसने रवि का अपहरण कर लिया है। सकुशल छोड़ने के लिए 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।
परिजनों ने घबराहट के बावजूद होशियारी दिखाते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। एसपी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और फतेहपुर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को सर्विलांस के जरिए मामले के खुलासे के लिए जुटाया गया। कुछ ही घंटों में पुलिस टीम को लखनऊ के दुबग्गा इलाके में संदिग्ध गतिविधियों का पता लगा। पुलिस ने मौके पर छापा मार कर एक बाग से रवि को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस लखनऊ में रहने वाले सुभाष नामक युवक समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। वहीं, युवक के सकुशल लौटने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें